संदिग्ध परिस्थितियों में सरकारी शिक्षक का शव फंदे से लटका मिला, क्षेत्र में सनसनी

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर (बाराबंकी)

 

 

कोतवाली रामनगर क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित मोहल्ला धमेड़ी-दो में सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक सरकारी शिक्षक का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला धमेड़ी-दो निवासी सेवानिवृत्त जिला सांख्यिकी अधिकारी बृजकिशोर तिवारी उर्फ घनश्याम तिवारी वर्तमान में लखनऊ में रहते हैं। उनके इकलौते पुत्र सुभास्कर तिवारी (32) जरवल रोड क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी छाया तिवारी, जो स्वयं भी सरकारी शिक्षिका हैं, के साथ रामनगर स्थित अपने आवास पर रहते थे।

 

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह सुभास्कर तिवारी का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची रामनगर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पड़ोसियों के अनुसार, घटना से पहले सुभास्कर तिवारी किसी से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहे थे। हालांकि बातचीत किससे हो रही थी और घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

 

कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।