रिपोर्ट राम आशीष सिंह राठौड।
यूपी एटीएस ने आतंकी संगठन अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार कर बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नबील के रूप में हुई है, जो दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा महमूदपुर का रहने वाला बताया गया है।एटीएस के मुताबिक, नबील सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाने में कथित तौर पर सक्रिय था। जांच में उसके द्वारा ‘ला गालिब-इल्लल्लाह’ नाम से व्हाट्सऐप ग्रुप संचालित किए जाने की बात सामने आई है।बताया गया है कि इस ग्रुप में जम्मू-कश्मीर के साथ ही बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब के लोग भी जुड़े थे। एटीएस को ग्रुप में जेहाद, आतंकी गतिविधियों और हिंसक हमलों से जुड़ी सामग्री तथा प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-कायदा की विचारधारा से संबंधित साहित्य साझा किए जाने के साक्ष्य मिले हैं।एटीएस की फॉरेंसिक जांच में नबील के मोबाइल से बम बनाने से संबंधित वीडियो और विस्फोटक सामग्री व केमिकल से जुड़ी बातचीत मिलने का दावा किया गया है। इसके अलावा वह आतंकी प्रशिक्षण हासिल करने के लिए पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाने की योजना बना रहा था।एटीएस अब आरोपी के मोबाइल और डिजिटल डेटा की जांच कर उसके संपर्क में रहे लोगों, नेटवर्क और कथित फंडिंग से जुड़े कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस मॉड्यूल से भारत में और कितने लोग जुड़े हुए हैं।




