थाल खुर्द गौशाला का बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, बाउंड्री वॉल मरम्मत व जल निकासी के दिए निर्देश

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत थाल खुर्द स्थित अस्थायी गौशाला का खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंशों की देखभाल, हरे चारे, भूसे एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, साफ-सफाई, रखरखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही अभिलेखों का भी परीक्षण कर शासन की मंशा के अनुरूप गौशाला संचालन के निर्देश दिए।

 

बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि गौवंशों को नियमित रूप से हरा चारा, भूसा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि गोवंशों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा गौशाला परिसर की साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

 

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी ने पंचायत सचिव रवि अवस्थी को गौशाला की क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की मरम्मत शीघ्र कराने तथा परिसर में जलभराव की समस्या को समाप्त करने के लिए तत्काल प्रभाव से समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौशाला में सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, जिससे संरक्षित गोवंशों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिल सके।

 

बीडीओ देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार निराश्रित गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से गौशालाओं का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के साथ आवश्यक सुधार समय पर कराए जा सकें।

 

निरीक्षण के दौरान जेई लघु सिंचाई अरुण कुमार व्यास, पंचायत सचिव रवि अवस्थी, ग्राम प्रधान सुनील यादव सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।