हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला, परिवार ने कूदकर बचाई जान

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

रामनगर बाराबंकी। राष्ट्रीय राजमार्ग बाराबंकी-बहराइच पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। चौकाघाट रेलवे स्टेशन के ठीक सामने एक चलती इकोस्पोर्ट कार में अचानक भीषण आग लग गई।

 

जानकारी के मुताबिक कार चालक मोहम्मद अजीम पुत्र मोहम्मद याकूब अपने परिवार के साथ करनैलगंज (गोंडा) से अपने घर बासुरा, थाना रामपुर मथुरा, जिला सीतापुर जा रहे थे। कार में उनकी तीन बहनें और दो भांजे सहित कुल 6 लोग सवार थे।

 

रामनगर थाना क्षेत्र में चौकाघाट रेलवे स्टेशन के सामने पहुंचते ही कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार रोकी और सभी 6 लोगों को नीचे उतार लिया। इससे बड़ी जनहानि टल गई।

 

आग इतनी तेज थी कि कार में रखा नकद पैसा, एक मोबाइल फोन और कपड़ों से भरा बैग जलकर राख हो गया।

 

सूचना पर रामनगर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में रामनगर पुलिस ने यातायात बहाल कराया।