रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रामनगर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान के साथ विकास कार्यों की समीक्षा और जनसभा को संबोधित करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 542.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और सहायता सामग्री वितरित कर योजनाओं का लाभ उनके हाथों तक पहुंचाया।
सबसे पहले किए बाबा लोधेश्वर के दर्शन-पूजन
सुबह हेलीकॉप्टर से महादेवा पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सीधे श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन महादेवा कॉरिडोर का निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। श्रावण मास मेले की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी उन्होंने विस्तार से जायजा लिया।
विकास प्रदर्शनी का अवलोकन, योजनाओं की प्रगति पर नजर
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के भी निर्देश दिए।
लखनऊ और अयोध्या के विकास से बाराबंकी को मिलेगा लाभ
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबंकी की भौगोलिक स्थिति बेहद महत्वपूर्ण है। एक ओर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और दूसरी ओर धार्मिक नगरी अयोध्या स्थित है। दोनों शहरों में तेजी से हो रहे विकास का सीधा लाभ बाराबंकी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए लगातार आधारभूत ढांचे को मजबूत कर रही है।
लोधेश्वर मंदिर के सामने की सड़क होगी फोरलेन
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोधेश्वर महादेव मंदिर के सामने स्थित मुख्य मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा की। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए और कहा कि प्रस्ताव मिलते ही सरकार इसके लिए आवश्यक बजट उपलब्ध कराएगी, जिससे श्रावण मेले सहित पूरे वर्ष आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
सतीश चंद्र शर्मा की कार्यशैली की सराहना
मुख्यमंत्री ने दरियाबाद विधायक एवं खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने केवल अपने विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों के विकास में भी सक्रिय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आई है और गरीबों तक उनके हिस्से का खाद्यान्न बिना किसी बाधा के पहुंच रहा है।
2027 विधानसभा चुनाव का भी किया उल्लेख
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाराबंकी की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से जुट जाना चाहिए। रामनगर विधानसभा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए जनसमर्थन आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि लोधेश्वर महादेव के शिवलिंग पर कमल का फूल अर्पित कर उन्होंने प्रदेश और जिले की प्रगति की कामना की है तथा उन्हें विश्वास है कि जनता विकास के पक्ष में अपना समर्थन देगी।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की। निर्धारित कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे वह हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।




