कार की टक्कर से दो गंभीर घायल

स्थानीय समाचार

नीरज शुक्ला (संवाददाता रामनगर बाराबंकी)

 

थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाँदा-बहराइच हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही वहां राहगीरों की भीड़ जमा होने लगी। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया।

मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर लखनऊ निवासी मनीष कुमार (23) अपने मित्र रोहित (22) के साथ बाइक से वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गोंडा जा रहे थे।

जब वह थाना क्षेत्र के बाराबंकी गोंडा हाईवे स्थित ग्राम दिवली के पास पहुंचे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी जिससे गम्भीर रूप से दोनों बाइक सवार घायल हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद व एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भिजवाया, जहाँ पर मौजूद डॉ आशीष सिंह ने बताया दोनों घायलों की हालत नाजुक होने के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है।