नेशनल खबर 9 के लिए आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय बबलू राय
23 बंडल गांजा के साथ दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
ट्रॉली बैग में छिपाकर ले जा रहे थे 23.411 किलो गांजा, पुलिस ने चेकिंग के दौरान दबोचा
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस ने जैगहा बाजार में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो ट्रॉली बैग में रखे 23 बंडलों में कुल 23.411 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करने का दावा किया है। मामले में तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को उपनिरीक्षक हरिकेश राय पुलिस टीम के साथ जैगहा बाजार में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हारीपुर मोड़ की ओर से दो महिलाएं और एक व्यक्ति ट्रॉली बैग लेकर गुलवा गौरी पुलिया नहर की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम ने मस्जिद की आड़ में घेराबंदी कर संदिग्धों का इंतजार किया। कुछ देर बाद तीनों को ट्रॉली बैग सहित पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान राजाबाबू सिंह निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जिला बक्सर (बिहार), नेहा पासवान निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जिला गाजीपुर तथा पूनम देवी निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में ट्रॉली बैगों की तलाशी ली गई। राजाबाबू के बैग से 12 बंडल गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 12.224 किलोग्राम था। वहीं दोनों महिलाओं के पास मौजूद दूसरे ट्रॉली बैग से 11 बंडल बरामद हुए, जिनका वजन 11.187 किलोग्राम निकला। दोनों बैगों से कुल 23.411 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गांजा एक स्थान तक पहुंचाने के लिए दिया गया था और इसके बदले उन्हें रुपये मिलते थे। हालांकि, वे कथित सप्लायर या खरीदार के संबंध में पुलिस को स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस ने दोनों ट्रॉली बैगों को सील कर नमूना मोहर तैयार की तथा बरामदगी व गिरफ्तारी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराए जाने की बात कही है। तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।




