संवाददाता : प्रमोद पाण्डेय
सेमरीबाजार सुल्तानपुर : जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के बाहरपुर गांव में रविवार सुबह एक मजदूर का शव बाग में महुआ के पेड़ से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। शौच के लिए बाग की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखा तो शोर मचाया। जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी गिरधारी (52) पुत्र स्व. संतोषी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह उनका शव घर से करीब 150 मीटर दूर बाग के किनारे महुआ के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जयसिंहपुर कोतवाली व सेमरी पुलिस चौकी को जानकारी दी। इसके बाद एसआई सुबोध त्यागी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सुल्तानपुर से आई फोरेंसिक टीम ने भी जांच कर जरूरी नमूने एकत्र किए।
रात में परिवार के साथ किया था भोजन
मृतक की पत्नी सोना ने बताया कि शनिवार रात गिरधारी ने परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। सुबह उनकी मौत की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार, गिरधारी को कुछ वर्ष पहले लकवा मार गया था। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था, लेकिन वह मानसिक रूप से परेशान रहते थे। बेटे प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 22 अप्रैल को होनी थी छोटी बेटी की शादी गिरधारी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार में पत्नी सोना, दो बेटियां अलका और शालू तथा एक बेटा प्रकाश है। अलका और प्रकाश की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बेटी शालू की शादी 22 अप्रैल को तय थी। परिवार में शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से खुशियां मातम में बदल गईं। गिरधारी तीन भाइयों बिरजू और नंदलाल तथा बहन रीता में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई नंदलाल की भी कुछ समय पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। गिरधारी की मौत से मां सुरसती का रो-रोकर बुरा हाल है। जयसिंहपुर कोतवाल विवेक कुमार राय ने बताया कि सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




