पत्रकारों के मान-सम्मान और अधिकारों की आवाज बने विधायक नफीस अहमद, बोले—पत्रकारों की समस्याएं अब गूंजेंगी विधानसभा में!

Social

नेशनल खबर 9 से आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय :

अंगवस्त्रम, बैग, पेन और डायरी भेंटकर पत्रकारों को किया सम्मानित, स्वास्थ्य बीमा, आयुष्मान कार्ड और मानदेय की मांग सदन में उठाने का दिया भरोसा

आजमगढ़ जनपद में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका निभाने वाले पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर गोपालपुर विधानसभा के सपा विधायक नफीस अहमद ने पत्रकारों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। आजमगढ़ एयरपोर्ट के समीप सिंह बाबा ढाबा के प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में विधायक ने क्षेत्र के पत्रकारों को अंगवस्त्रम, बैग, पेन और डायरी भेंटकर सम्मानित किया। जलपान और सामूहिक भोजन के जरिए पत्रकारों के प्रति आत्मीयता भी दिखाई।

इस दौरान विधायक नफीस अहमद ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं। वे दिन-रात कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए आम जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। कभी आधी रात को हत्या तो कभी सड़क दुर्घटना की सूचना पर जान जोखिम में डालकर घटनास्थल तक पहुंचते हैं, लेकिन उनकी अपनी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।

पत्रकारों ने विधायक के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए कहा कि समाचार संकलन के दौरान उन्हें न दिन का पता रहता है और न रात का। इसके बावजूद पत्रकारों को न नियमित मानदेय मिलता है, न यात्रा भत्ता और न ही समुचित स्वास्थ्य सुरक्षा। पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा तथा आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

पत्रकारों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक नफीस अहमद ने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों की जायज मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में उनकी सरकार बनने पर इन मांगों को पूरा कराने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

विधायक ने यह भी घोषणा की कि प्रत्येक दो से चार महीने के अंतराल पर क्षेत्रीय पत्रकारों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। गोपालपुर विधानसभा में नई तहसील, मिनी स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात भी कही।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि वे उनके सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे। इस पहल को पत्रकारों और जनप्रतिनिधि के बीच सीधे संवाद की एक नई शुरुआत के रूप में देखा गया। पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि समारोह में मिला सम्मान भविष्य में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सार्थक प्रयासों में भी परिवर्तित होगा।

इस अवसर पर बिलरियागंज नगर पालिका अध्यक्ष कोमल पासवान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ, विधानसभा अध्यक्ष हरेराम सिंह यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष महाराजगंज सीताराम कांदू, गोरेलाल जायसवाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं पत्रकार उपस्थित रहे।