भटौली इब्राहिमपुर में बड़े मंगल पर आस्था का महासंगम, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

 

जहां बजरंगबली की भक्ति बही, वहां सेवा की गंगा भी संग चली

 

भटौली इब्राहिमपुर में बड़े मंगल पर आस्था का महासंगम, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

 

आजमगढ़।

“जहां राम का नाम गूंजता है, वहां हर दिल में उजियारा होता है,

जहां बजरंगबली का दरबार सजता है, वहां हर भक्त का बेड़ा पार होता है।”

ज्येष्ठ माह के पावन बड़े मंगल पर सगड़ी तहसील के अजमतगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा भटौली इब्राहिमपुर में कुछ ऐसा ही दिव्य और अलौकिक नजारा देखने को मिला। बजरंगबली मंदिर परिसर में श्रद्धा, सेवा और समर्पण की ऐसी त्रिवेणी बही कि पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

सुबह की पहली किरण के साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार, संकल्प और संगीतमय सुंदरकांड का शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर कोई प्रभु के चरणों में शीश नवाकर प्रसाद ग्रहण करने को आतुर दिखाई दिया।

भंडारे में केवल भोजन ही नहीं, बल्कि प्रेम, अपनापन और सेवा का प्रसाद भी परोसा गया। गांव के युवाओं ने अद्भुत समर्पण का परिचय देते हुए राह चलते बस, ऑटो, कार, बाइक और साइकिल सवार यात्रियों को भी ससम्मान रोककर प्रसाद ग्रहण कराया। मानो पूरा गांव यह संदेश दे रहा हो कि बजरंगबली के दरबार से कोई भी खाली हाथ न लौटे।

साधु-संत, फकीर, किन्नर, बुजुर्ग, माताएं, बहनें, युवा और बच्चे—हर वर्ग के लोगों ने इस पुण्य आयोजन में सहभागिता निभाई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने इस आयोजन को क्षेत्र के सबसे भव्य धार्मिक आयोजनों में शामिल कर दिया।

इस दौरान सगड़ी की पूर्व विधायक वंदना सिंह एवं आजमगढ़ बाल न्याय पीठ के मजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह भी भंडारे में पहुंचे। उन्होंने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों की सेवा भावना की सराहना की और इस धार्मिक आयोजन को सामाजिक समरसता का सुंदर उदाहरण बताया।

ग्रामीणों का कहना था कि बड़े मंगल पर बजरंगबली की कृपा प्राप्त करना जीवन का सौभाग्य है। इस दिन किया गया सेवा और दान का कार्य अनेक गुना फलदायी माना जाता है। यही कारण रहा कि पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ती रही।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मनोज प्रभाकर सिंह उर्फ बीपी सिंह, अंकित सिंह, भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह, रोशन सिंह, हिमांशु उपाध्याय, उपेंद्र सिंह, सूरज उपाध्याय, संदीप सिंह उर्फ टिंकू भैया, जगदीश उपाध्याय, बब्बू सिंह, प्रमोद सिंह, अर्जुन सिंह उर्फ गोधा, शिबू सिंह, राजेश गुप्ता, उमा सिंह, शिवानंद सिंह, राकेश सिंह उर्फ पप्पू, गौरव सिंह, विक्की शर्मा, प्रशांत शर्मा, नीटू शर्मा, कृष्णा सिंह उर्फ शेरू, रामानंद सिंह, सुजीत सिंह, राघवेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ संटू, अभिषेक सिंह उर्फ मोनू, हनी सिंह, आलोक सिंह उर्फ टिल्लठू सिंह, मुकेश सिंह, अभय सिंह, कुल्लू शर्मा, मिलन गौड़ सहित ग्राम सभा भटौली इब्राहिमपुर के अनेक युवाओं एवं ग्रामवासियों ने तन-मन-धन से योगदान दिया।

“सेवा में जो सुख मिलता है, वह कहीं और नहीं मिलता,

बजरंगबली के चरणों में झुकने वाला कभी खाली नहीं मिलता।”

बड़े मंगल का यह आयोजन केवल भंडारा नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और मानवता का जीवंत उत्सव बन गया, जिसकी गूंज लंबे समय तक क्षेत्रवासियों के दिलों में बनी रहेगी।