आजमगढ़ प्रदेश ब्यूरो हेड रिंकू सिंह की खास रिपोर्ट
आरोपों पर बोलीं सरिता शर्मा, कहा- नियमों से समझौता नहीं किया इसलिए बनाया जा रहा निशाना
आजमगढ़ जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक (एएनएम एवं एचबी स्थापना) के पद पर तैनात सरिता शर्मा ने सोमवार को मीडिया के समक्ष अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा नियमों के तहत कार्य किया है और किसी भी प्रकार की अनियमितता करने से इंकार किया है।
उन्होंने बताया कि एक एएनएम को वरिष्ठता सूची में शामिल कराने के लिए उन पर कई बार दबाव बनाया गया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के कोई भी कार्य नियमों के विरुद्ध नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि इसी कारण उनके खिलाफ गलत और भ्रामक आरोप लगाए जा रहे हैं।
सरिता शर्मा ने कहा कि उनके कार्यकाल में वरिष्ठता सूची, पदोन्नति और प्रशिक्षण संबंधी सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि किसी भी महिला कर्मचारी से उनके व्यवहार या कार्यप्रणाली को लेकर कोई शिकायत नहीं रही है।
इस दौरान एएनएम संघ की जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश उप महामंत्री प्रभात सिंह ने भी सरिता शर्मा का समर्थन करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कर्मचारियों के कार्यों का निष्पादन सरल और पारदर्शी हुआ है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि संगठन आवश्यकता पड़ने पर उनके समर्थन में खड़ा रहेगा।
सरिता शर्मा ने कहा कि उन्हें विभागीय जांच और प्रशासनिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है तथा सत्य सामने आने पर सभी आरोप स्वतः निराधार साबित होंगे।




