पुलिस कमिश्नर एवं डीएम ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों को परखा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Social

संवाद दाता:-सलीम जावेद 

वाराणसी/ दिनाँक 11/07/2026 में आगामी श्रावण मास के दौरान होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग पर की जा रही तैयारियों का हर पहलू से बारीकी से देखा तथा मौके पर ही श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं की समीक्षा की। अधिकारीद्वय ने विशेष रूप से जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न होने पाए।

 अधिकारीद्वय ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग स्थल, विश्राम स्थल तथा यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की तथा जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह दुरुस्त व स्मूथ रहे। यात्रा मार्ग पर कही भी गढ्ढे न हो। पीडब्ल्यूडी व्यक्तिगत रूप से इसका निरीक्षण भी करा ले और जहां कही मार्ग पर टूट-फूट या गढ्ढे हो, तो तत्काल मरम्मत कराये। जलभराव वाले स्थानों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खुले या जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

        पुलिस कमिश्नर ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए, संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा यातायात संचालन के लिए प्रभावी डायवर्जन योजना लागू की जाए, ताकि आमजन एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है। प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी करें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा अवधि के दौरान निरंतर भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करते रहें तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।

 इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त, एडीएम सिटी एवं समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।