बिलरियागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, प्रशासन ने जारी किए जरूरी निर्देश

धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

“अमन, भाईचारा और कानून व्यवस्था के साथ मनाएं बकरीद”

बिलरियागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, प्रशासन ने जारी किए जरूरी निर्देश

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना परिसर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह एवं सीओ सगड़ी अनिल कुमार वर्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।

बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों, सभासदों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों से अधिकारियों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि बकरीद त्याग और इंसानियत का पर्व है, इसलिए सभी लोग शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

एसडीएम एवं सीओ ने स्पष्ट किया कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी सभी धार्मिक कार्यक्रम पारंपरिक तरीके से ही आयोजित होंगे और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे थाना क्षेत्र में 33 स्थानों पर बकरीद की नमाज़ अदा की जाती है और किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज़ नहीं होगी।

प्रशासन की ओर से कुर्बानी को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जहां कुर्बानी होगी वहां कम से कम आठ फीट गहरा गड्ढा होना चाहिए, ताकि साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या न हो। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही कुर्बानी से संबंधित कोई भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करने की सख्त हिदायत दी गई।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका वीरेंद्र विश्वकर्मा, राजू पासवान, राकेश विश्वकर्मा, सभासद अमरजीत सरोज, पूर्व प्रधान तुफेल अहमद, सभासद अनवार अहमद, सभासद तालिब, फैजान अहमद सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी ने क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।