नवागत नायब तहसीलदार राहुल कुमार सिंह ने संभाला कार्यभार, बोले— “जनता को मिलेगा त्वरित न्याय”

Social

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता

सरायमीर/निजामाबाद (आजमगढ़)जयदेश निजामाबाद तहसील के सरायमीर क्षेत्र में नवागत नायब तहसीलदार राहुल कुमार सिंह ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने तहसील परिसर का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय कार्यों की जानकारी ली। मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी राहुल कुमार सिंह वर्ष 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। इस दौरान नायब तहसीलदार नीरज कुमार त्रिपाठी ने उन्हें तहसील परिसर का भ्रमण कराया तथा विभागीय कार्यप्रणाली से अवगत कराया । कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में नवागत नायब तहसीलदार राहुल कुमार सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता आम जनता को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और बिना किसी भेदभाव के उनका समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लंबित एवं पुरानी फाइलों के निस्तारण में तेजी लाकर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी।
नवागत नायब तहसीलदार ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर लोग बेझिझक उनसे मिल सकते हैं। जनता की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर मामलों में उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।