सब्जी मंडी के जाम से राहगीर बेहाल, स्कूली बच्चों व महिलाओं को भारी परेशानी

Social

संवाददाता : अभय चंद गुप्ता

सरायमीर (आजमगढ़) । कस्बे के व्यस्ततम सब्जी मंडी क्षेत्र में सुबह लगने वाले भीषण जाम ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रोजाना सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, मंदिर जाने वाली महिलाओं तथा राहगीरों को घंटों जाम से जूझना पड़ रहा है। अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के चलते क्षेत्र में आए दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 7 बजे से 9 बजे के बीच मंडी क्षेत्र में सब्जी उतारने वाली आठ से दस बड़ी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी हो जाती हैं। इसके साथ ही रिक्शा, ठेला, फ़रारी गाड़ी और अन्य छोटे-बड़े वाहनों की भीड़ से पूरा मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। सड़क संकरी होने के कारण लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। जाम में फंसने के कारण कई बार स्कूली वाहन और छोटी गाड़ी समय से नहीं निकल पातीं, जिससे बच्चे देर से स्कूल पहुंचते हैं। वहीं मंदिर जाने वाली महिलाओं ,बच्चे और बुजुर्गों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है। कि जब स्थानीय लोग सड़क खाली कराने या वाहन हटाने की बात कहते हैं। तो कुछ वाहन चालक विवाद पर उतारू हो जाते हैं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो जाती है। लगातार बढ़ रही समस्या के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सुबह के समय मंडी क्षेत्र में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए तथा सब्जी उतारने वाले वाहनों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए। लोगों का कहना है। कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।