संवाददाता : कमलेश यादव
जखनिया (गाजीपुर)। विकास खंड जखनिया अंतर्गत ग्राम पंचायत मुस्तफाबाद उर्फ बड़ागांव में मनरेगा कार्यों को लेकर ग्राम प्रधान एवं संबंधित कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मनरेगा कार्यों में फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी धन के दुरुपयोग का प्रयास किया जा रहा है। मामले की शिकायत डीसी मनरेगा गाजीपुर सहित जनसुनवाई पोर्टल पर की गई है। ग्रामीण पुरेंद्र कुमार निवासी मुस्तफाबाद उर्फ बड़ागांव द्वारा दर्ज शिकायत संख्या 40019526018363 में आरोप लगाया गया है कि गांव में संचालित जलाल पोखरा खुदाई कार्य तथा पिच रोड से नहर तक संपर्क मार्ग निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार इन कार्यों से संबंधित मास्टर रोल संख्या 1371 से 1382 तक में कई ऐसे लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई है जो कार्यस्थल पर मौजूद ही नहीं रहते। ग्रामीणों का आरोप है कि महिला मेट द्वारा लगभग 112 श्रमिकों की हाजिरी दर्ज की गई है, जबकि वास्तविक मजदूरों को काम नहीं दिया जा रहा। गांव के जरूरतमंद श्रमिक रोजगार मांगने के बावजूद कार्य से वंचित हैं, जबकि घर बैठे लोगों के नाम पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शिकायतकर्ता ने ग्राम प्रधान के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराने, कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों का सत्यापन कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच कराई जाए तो मनरेगा कार्यों में कई और अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। इस संबंध में डीसी मनरेगा गाजीपुर ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है तथा मामले की जल्द जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण जांच के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।




