संवाददाता: उमाकांत विश्वकर्मा
चिलकहर ब्लॉक में विकास कार्यों का लोकार्पण, विकास की नई इबारत लिख रहा ब्लॉक: आदित्य गर्ग उर्फ सूर्यकांत।







चिलकहर विकास खंड परिसर में वर्ष 2025-26 की राज्य एवं केंद्रीय वित्त योजना के अंतर्गत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण ब्लॉक प्रमुख आदित्य गर्ग उर्फ सूर्यकांत द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चिलकहर ब्लॉक को जनपद का सबसे आधुनिक एवं सुविधासंपन्न ब्लॉक बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
लोकार्पित कार्यों में ब्लॉक परिसर स्थित घूरा राम डबकरा हाल का साज-सज्जा, आधुनिकीकरण एवं सुंदरीकरण, आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था तथा ब्लॉक प्रमुख कक्ष के पास अतिरिक्त कक्ष के निर्माण एवं साज-सज्जा का कार्य शामिल है। इन कार्यों से ब्लॉक परिसर का स्वरूप और अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक हो गया है, जिससे कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख आदित्य गर्ग ने बताया कि विकास केवल ब्लॉक मुख्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विकास खंड में तेजी से कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कैथी गांव में पिच सड़क से अभय सिंह के घर तक पेवर्स ब्लॉक, इंदरपुर में प्रदीप के घर से नाला तक नाली निर्माण कराया गया है। इसके अलावा गोपालपुर, बरेबोझ, सलेमपुर, रामपुर, हथौड़ी, पहाड़पुर एवं रसीपुर में आरओ प्लांट का उद्घाटन किया गया है।
उन्होंने बताया कि बिशनपुर, बीराबाती, डुमरी, पिपरा पट्टी, पांडेपुर मटिही, सवरा, रामनगर, हजौली तथा डुमरी सहित कई गांवों में हाईमास्ट लाइटें स्थापित की गई हैं। वहीं ब्लॉक क्षेत्र में अन्य कई विकास कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा, “जनपद में ऐसा कोई दूसरा ब्लॉक नहीं है, जहां ब्लॉक परिसर में इतनी सुविधाएं उपलब्ध हों। मेरा प्रयास है कि चिलकहर ब्लॉक हर दृष्टि से एक आदर्श ब्लॉक बने और आम जनता को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलें।”
उन्होंने नागपुर के सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर वहां डॉक्टर, बेड सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं तथा भविष्य में भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
शिलापट्ट के अनुसार विकास कार्य खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार बिंद एवं अवर अभियंता ई.पी. सिंह बरनवाल की देखरेख में संपन्न कराए गए।
अपने संबोधन के अंत में ब्लॉक प्रमुख आदित्य गर्ग उर्फ सूर्यकांत ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को उनके पिता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय घूरा राम की छठवीं पुण्यतिथि उनके विद्यालय श्री सहदेव पौधरिया अंबेडकर सेवा संस्थान, मंडा, रसड़ा (बलिया) में मनाई जाएगी। उन्होंने प्रदेश, जनपद एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर स्वर्गीय घूरा राम को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।
इस अवसर पर प्रधान संघ अध्यक्ष अभय कुमार कौशल, खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार बिंद, एडीओ पंचायत संदीप कुमार, मुन्ना पांडे सहित सैकड़ों समर्थक, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।




