स्कूल में देर से पहुँचने पर छठी कक्षा की छात्रा को दी गई सजा के बाद हुआ भारी बवाल

Special

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहाँ स्कूल में देर से पहुँचने पर छठी कक्षा की छात्रा को दी गई सजा के बाद भारी बवाल हो गया। आरोप है कि छात्रा के देर से आने पर स्कूल के प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार ने सजा के तौर पर बच्ची को मुर्गा बना दिया। छुट्टी के बाद जब बच्ची ने घर पहुँचकर पूरी बात अपने पिता दिलीप कुमार को बताई, तो वह गुस्से से आगबबूला हो गए और सीधे स्कूल पहुँच गए।स्कूल पहुँचे पेंटर का काम करने वाले दिलीप ने तैश में आकर प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले के बाद मौके पर मौजूद अन्य साथी शिक्षकों ने जैसे-तैसे प्रिंसिपल को बचाया। घटना के बाद प्रिंसिपल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता दिलीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।