नेत्रदाता परिवारों का हुआ सम्मान, समाजसेवा के इस पुनीत कार्य के लिए किया गया सम्मानित

HEALTH

संवाद दाता:- शमीम हसन 

वाराणसी। मानवता की सेवा और नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 5 सितम्बर 2026 को आई.एम.ए. बिल्डिंग, लहुराबीर वाराणसी के सभागार में वाराणसी आई बैंक सोसाइटी, रामकटोरा द्वारा नेत्रदाता परिवारों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में नेत्रदान जैसे पुनीत कार्य के लिए योगदान देने वाले नेत्रदाता परिवारों एवं नेत्रदान प्रस्तावकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चन्द्रबली पटेल एवं शिक्षक श्री सुनील सिंह पटेल (डंगहरियां) को नेत्रदान प्रस्तावक के रूप में सम्मानित किया गया।

वहीं डाॅ. धर्मराज पटेल (भवानीपुर), श्री श्रीकान्त पटेल (मानसिंहपुर), श्री शशिकान्त पटेल (रजईपुर, भदोही), श्री जगवन्ता पटेल (चित्रसेनपुर), श्री महेन्द्र कुमार पटेल (सविता क्लिनिक, कछवां रोड), श्री प्यारेलाल पटेल (पुरे), श्री राजनाथ पटेल (कुसुमुरा), वाराणसी सहित सैकड़ों नेत्रदाता परिवारों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर बिहारी लाल शर्मा, कुलपति सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय तथा विशिष्ट अतिथि श्री सौरभ श्रीवास्तव, विधायक कैण्ट ने नेत्रदाता परिवारों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटाने का महान कार्य है। समाज में नेत्रदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और नेत्रदाता परिवारों के इस मानवीय योगदान की सराहना की गई।