बजरडीहा में जलजमाव से हाहाकार, गली में भरा गंदा पानी—लोग बेहाल

Breaking

संवाद दाता:- शमीम हसन 

वाराणसी। बजरडीहा क्षेत्र के वार्ड नंबर 27, जोलहा दक्षिणी में जलजमाव और सीवर जाम की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले कई दिनों से गली में गंदा पानी जमा होने के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित है। हालात ऐसे हैं कि पूरी गली जलभराव की चपेट में आकर तालाब जैसी नजर आ रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक गली में लंबे समय से सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। सीवर का गंदा पानी सड़क पर फैलने से राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूल और मदरसे जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

जिला वाराणसी संवाददाता मोहम्मद वसीम ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार यह समस्या नई नहीं, बल्कि काफी समय से चली आ रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। 

शिकायतों के बावजूद नहीं मिली राहत, आखिर जिम्मेदार कौन?

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सीवर और जलनिकासी की समस्या के कारण आए दिन परेशानी होती है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल सीवर की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

चुनाव में बड़े-बड़े वादे, अब समस्या पर खामोशी?

स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद वही समस्याएं जस की तस बनी रहती हैं।

लोगों का सवाल है कि यदि वर्षों पुरानी सीवर और जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है, तो आखिर इसकी जिम्मेदारी किसकी है?

बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

गली में जमा गंदे पानी से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

अब स्थानीय नागरिकों की निगाहें नगर निगम और संबंधित जनप्रतिनिधियों पर हैं। देखना होगा कि बजरडीहा की इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक होता है और लोगों को जलजमाव से कब राहत मिलती है।