आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
मुहर्रम को लेकर बिलरियागंज पुलिस पूरी तरह सतर्क, थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने संभाली कमान
“भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की परंपरा को मिलकर रखें जीवंत”
पटवध/आजमगढ़। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिलरियागंज थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा स्वयं मैदान में उतरकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। उनकी सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली के चलते क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत रिश्ता देखने को मिल रहा है।
थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने ग्राम सभा छीहीं, इमलीपुर, भावा रायपुर, पतिला गौसपुर, करमैनी समेत विभिन्न ताजिया स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ताजियादारों, संभ्रांत नागरिकों एवं ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जहां-जहां बिजली के तार नीचे लटके मिले, वहां विद्युत विभाग की टीम को बुलाकर उन्हें तत्काल ठीक कराया गया। साथ ही ताजिया मार्गों पर नालियों की सफाई एवं रास्तों को व्यवस्थित कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। थाना प्रभारी की इस पहल की लोगों ने खुले दिल से सराहना की और कहा कि प्रशासन की ऐसी तत्परता से त्योहारों का उत्साह और बढ़ जाता है।
अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि मुहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि आपसी भाईचारे, त्याग और इंसानियत का संदेश देने वाला अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों से दूर रहें, कानून का सम्मान करें और क्षेत्र की सदियों पुरानी गंगा-जमुनी तहज़ीब को और मजबूत बनाएं। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, पुलिस हर समय जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब से अमित कुमार मिश्रा ने बिलरियागंज थाने की कमान संभाली है, तब से कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। उनकी निष्पक्ष कार्यशैली, संवेदनशील व्यवहार और लगातार क्षेत्र में मौजूदगी के कारण लोगों में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है। जनता का विश्वास है कि उनके नेतृत्व में मुहर्रम पर्व भी पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न होगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम के अन्य दरोगा और आरक्षी भी मौजूद रहे।




