उत्तराखंड:
संवाददाता – ईश्वर सिंह
खटीमा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खटीमा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3.785 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में सोमवार को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके काले रंग के पिट्ठू बैग से सात अलग-अलग एयरटाइट पैकेटों में कुल 3.785 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 1,170 रुपये नगद तथा एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली खटीमा में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मान सिंह (54 वर्ष), पुत्र छतरपाल सिंह, निवासी नेहरूगढ़ 6 नंबर, रेवाड़ी, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और इसे कहाँ ले जाया जा रहा था, इसकी जांच में जुटी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक काण्डपाल, उपनिरीक्षक भुवन गहतोड़ी तथा हेड कांस्टेबल गणेश कुमार शामिल रहे।
उधम सिंह नगर पुलिस ने कहा है कि जनपद में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।




