आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
विवादित जमीन की खरीद-बिक्री से रहें सावधान, फर्जी इंद्राज कर प्लॉटिंग का आरोप
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत बासूपार बनकट निवासी ओम प्रकाश लाल पुत्र स्व. त्रिवेणी लाल ने अपनी पैतृक भूमि पर फर्जी तरीके से नाम दर्ज कराकर प्लॉटिंग और बिक्री किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से विवादित भूमि के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगाने तथा फर्जी इंद्राज निरस्त करने की मांग की है।
ओम प्रकाश लाल के अनुसार उनकी पैतृक संपत्ति विरासत के आधार पर उनके परिवार के नाम दर्ज है। इस भूमि को लेकर गांव के अकिल पुत्र इरशाद के साथ वर्षों पूर्व विवाद चला था, जिसका निर्णय वर्ष 1991 में उनके पक्ष में हो चुका है। इसके बावजूद, आरोप है कि तहसील कर्मियों की मिलीभगत से फर्जी तरीके से राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज करा लिया गया और अब उसी भूमि की प्लॉटिंग कर बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मौजा चंगईपुर, तहसील सगड़ी स्थित आराजी संख्या 284 (रकबा 1.0120 हेक्टेयर) तथा आराजी संख्या 560 (रकबा 0.307 हेक्टेयर) विवादित भूमि है। उनका कहना है कि उक्त भूमि का मालिकाना हक उनके परिवार का है, इसलिए इसकी खरीद-बिक्री कानूनी रूप से विवादित है।
ओम प्रकाश लाल ने आम लोगों से अपील की है कि विवादित भूमि की खरीद से बचें, अन्यथा भविष्य में उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस भूमि की खरीद-बिक्री में शामिल होता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने जिलाधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर विवादित भूमि के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगाने, फर्जी इंद्राज निरस्त करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।




