लोलार्क कुंड स्नान पर्व को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने किया स्थलीय निरीक्षण

Uncategorized

 संवाद दाता:-सलीम जावेद 

वाराणसी। आगामी लोलार्क कुंड स्नान पर्व को लेकर कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय श्री शिवहरी मीणा ने लोलार्क कुंड एवं उसके आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्नान स्थल, कुंड परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन के प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं तथा आसपास के संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त काशी श्री गौरव बंसवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर श्री गौरव कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज श्री शुभम जैन सहित संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

अपर पुलिस आयुक्त ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोलार्क कुंड स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पूरे क्षेत्र को जोन और सेक्टर में विभाजित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था सुव्यवस्थित हो तथा भीड़ को एक स्थान पर अधिक संख्या में एकत्रित न होने दिया जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के भी निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों की व्यवस्था और यातायात डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि एम्बुलेंस और फायर सर्विस के वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता हर हाल में खाली रखा जाए।

वहीं किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी और रिजर्व पुलिस बल को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस आयुक्त ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार रखा जाए और किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही न बरती जाए।

श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील

कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्रवेश-निकास मार्गों, बैरिकेडिंग एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। स्नान के दौरान धैर्य बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देती है तो स्वयं कोई कार्रवाई न करते हुए तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। लोलार्क कुंड स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।