उत्तर प्रदेश
Nk9: सह संपादक पुनित त्रिपाठी
पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करे यूपी सरकार, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की रक्षा जरूरी
भदोही। राष्ट्रीय पत्रकार परिषद के मिर्जापुर मण्डल अध्यक्ष रामकुमार वर्मा ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। वे समाज की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और प्रशासनिक गतिविधियों को जनता के सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। लेकिन जब जनहित में आवाज उठाने वाले पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होने लगते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बन जाता है।उत्तर प्रदेश सरकार से मांग है कि प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। पत्रकारों के साथ मारपीट, धमकी, उत्पीड़न अथवा खबर प्रकाशित करने के कारण दबाव बनाने जैसी घटनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए। पत्रकारों को निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर काम करने का वातावरण मिलना चाहिए। किसी भी पत्रकार को सच्चाई सामने लाने या जनसमस्याओं को उजागर करने के कारण भय और दबाव का सामना न करना पड़े। पत्रकारों के साथ होने वाली घटनाओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।प्रदेश सरकार को पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने, शिकायतों के त्वरित निस्तारण और जरूरत पड़ने पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीर पहल करनी चाहिए।
पत्रकार केवल समाचार प्रकाशित नहीं करते, बल्कि जनता और शासन के बीच संवाद का माध्यम भी होते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने के समान है।
उत्तर प्रदेश सरकार से अपेक्षा है कि वह पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए, ताकि पत्रकार बिना किसी भय के जनहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।




