नोडल अधिकारी द्वय ने जैथरा एवं अवागढ़ में योजनाओं की प्रगति का किया स्थलीय निरीक्षण, जिलाधिकारी के साथ बैठक में साझा किए अपने अनुभव

स्थानीय समाचार

संवाददाता : सत्यवान सिंह चौहान
एटा, 06 अक्टूबर। शासन द्वारा जनपद एटा के आकांक्षात्मक विकासखंड जैथरा एवं अवागढ़ के लिए नामित नोडल अधिकारी विशेष सचिव आवास एवं शहरी नियोजन मनोज कुमार सिंह द्वितीय एवं विशेष सचिव समाज कल्याण प्रवीन कुमार द्वारा आज दोनों विकासखंडों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान नोडल अधिकारियों द्वारा आकांक्षात्मक विकासखंडों के लिए शासन द्वारा निर्धारित विभिन्न पैरामीटरों की मौके पर जांच करते हुए योजनाओं एवं विकास कार्यों की भौतिक प्रगति का जायजा लिया गया। नोडल अधिकारी प्रवीन कुमार द्वारा विकासखंड अवागढ़ में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों एवं संचालित गतिविधियों का भी निरीक्षण किया गया तथा मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, आमजन को दी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। स्थलीय निरीक्षण के उपरांत कलेक्ट्रेट स्थिति एन आई सी सभागार में जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली की अध्यक्षता में दोनों आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नोडल अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान सामने आए बिंदुओं पर चर्चा करते हुए विकासखंडों की स्थिति को सामान्यतः संतोषजनक बताया गया। साथ ही कुछ क्षेत्रों में अपेक्षित सुधार एवं अतिरिक्त प्रयास किए जाने की आवश्यकता से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने नोडल अधिकारियों को आश्वस्त किया कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पैरामीटरों के अनुरूप आकांक्षात्मक विकासखंडों में विशेष ध्यान देते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आश्वस्त कर किया कि विकासखंडों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत सुविधाओं, सामाजिक विकास सहित शासन द्वारा निर्धारित सभी संकेतकों पर निरंतर कार्य करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं संतृप्त प्रगति सुनिश्चित की जाए। मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा द्वारा दोनों आकांक्षात्मक विकासखंडों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा प्रत्येक माह भौतिक एवं स्थलीय प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से प्राप्त किया जा सके। बैठक के समापन अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा शासन से आए नोडल अधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश मौर्य, उप जिलाधिकारी न्यायिक अनवर राशिद फारूखी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डीसी एनआरएलएम विकल कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजय पाल सिंह,जिला कृषि अधिकारी डॉ0 मनवीर सिंह,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे।