राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से कल होगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ

HEALTH

नेशनल खबर 9 से आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से कल होगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ

डीएम रविन्द्र कुमार और सीएमओ डॉ. एन.आर. वर्मा छात्राओं को खिलाएंगे एल्बेंडाजोल की गोली

जनपद में 23.19 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी कृमिनाशक दवा

आजमगढ़। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) के तहत जनपद में 10 अगस्त 2026 को व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ सोमवार को प्रातः 9 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर, आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा द्वारा छात्राओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर किया जाएगा।

मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन आर वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत जनपद के सभी 22 विकासखंडों में 01 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 23,19,973 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दौरान बच्चों को एल्बेंडाजोल 400 एमजी की गोली खिलाई जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को पेट के कीड़ों से होने वाली समस्याओं से बचाना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति में सुधार करना तथा स्वस्थ शारीरिक विकास सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के नोडल डिप्टी सीएमओ डाॅ अविनाश झा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ शिक्षा एवं बाल विकास विभाग की टीमों को भी सक्रिय किया गया है। जनपद में 4,280 आशा कार्यकत्री, 5,588 आंगनबाड़ी कार्यकत्री, 3079 राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों तथा 3054 निजी विद्यालयों के शिक्षकों को अभियान के लिए प्रशिक्षित किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला एवं ब्लॉक स्तर के 13 अधिकारियों को भी प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें बीएसए, डीआईओएस, डीपीओ, डीपीआरओ, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, निजी विद्यालय संघ के अध्यक्ष सहित स्वास्थ्य विभाग के छह अधिकारी शामिल हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ एन आर वर्मा ने जानकारी दी कि 10 अगस्त को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे किसी कारणवश 10 अगस्त को दवा खाने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस के दौरान दवा खिलाई जाएगी। इस दौरान संबंधित टीमों द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहे।

उन्होंने अभियान में जुड़े सभी विभागों एवं कर्मचारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाना सुनिश्चित करने की अपील की है। सीएमओ ने अभिभावकों से भी अपेक्षा की है कि वे अपने बच्चों को अभियान के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलवाएं और इस जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहयोग करें।