पल्हनी में स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़ा दायरा, बीपीएचयू और एबीडीएम का शुभारंभ

Uncategorized

नेशनल खबर 9 के लिए आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय

पल्हनी में स्वास्थ्य सेवाओं का बढ़ा दायरा, बीपीएचयू और एबीडीएम का शुभारंभ

73 प्रकार की जांचों की सुविधा से स्थानीय स्तर पर मरीजों को मिलेगी सहूलियत, सेवानिवृत्त एएनएम को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई

आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्हनी में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बीपीएचयू एवं एबीडीएम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीएचसी पल्हनी के अधीक्षक डॉ. अजय जायसवाल ने मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिकारियों का चिकित्सालय परिसर में बुके देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पाण्डेय, डॉ. अजीज, डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहनलाल, सीएचसी पल्हनी के अधीक्षक डॉ. अजय जायसवाल तथा रानी की सराय के अधीक्षक डॉ. मनीष तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीएचसी पल्हनी पर स्थापित बीपीएचयू को अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित किया गया है, जहां 73 प्रकार की विभिन्न जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य जांच के लिए जिला मुख्यालय या अन्य बड़े स्वास्थ्य संस्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही समय से जांच की सुविधा मिल सकेगी। बीपीएचयू के माध्यम से क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की पहचान, जांच से संबंधित आंकड़ों के संकलन एवं विश्लेषण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर योजना बनाने में भी सहायता मिलेगी। जांच सुविधाओं की उपलब्धता से मरीजों की समय से जांच कर उपचार की दिशा तय करने में स्वास्थ्य विभाग को मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) का भी शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने तथा मरीजों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड और सेवाओं को अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। बीपीएचयू और एबीडीएम की शुरुआत से पल्हनी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाओं की उपलब्धता से मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। बीपीएचयू के माध्यम से उपलब्ध कराई गई जांच सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्हनी में अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुईं एएनएम कृष्ण मिश्रा, मंगरी देवी एवं कंचन राय के सम्मान एवं विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया। अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त एएनएम को सम्मानित करते हुए उनके सेवाकाल के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. अशोक यादव, डॉ. पिंकी आर्या, डॉ. मुकेश, डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक, एचईओ, एआरओ, बीपीएम, बीसीपीएम, बीएएम सहित सीएचसी पल्हनी के अन्य चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।