बीएचयू कैंपस से साइकिल चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 12 चोरी की साइकिलें बरामद

CRIME

संवाद दाता:-सलीम जावेद 

वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लंका पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीएचयू कैंपस से साइकिल चोरी करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 साइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर और थाना प्रभारी लंका के नेतृत्व में की गई।

थाना लंका पुलिस ने मुखबिर की सूचना, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर 23 सितंबर 2026 को बीएचयू कैंपस में अकेला बाबा मंदिर वाले रास्ते के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कन्नौजिया, निवासी थाना फूलपुर, वाराणसी, उम्र करीब 20 वर्ष, शिवम कुमार, निवासी बरजी नएपुर, थाना फूलपुर, वाराणसी, उम्र करीब 20 वर्ष तथा सोहम रंगीले मिश्रा, निवासी थाने रामपुर, थाना फूलपुर, वाराणसी, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके कब्जे से बरामद साइकिलें उन्होंने बीएचयू कैंपस से चोरी की थीं। आरोपी इन साइकिलों को राह चलते लोगों को बेचने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की कुल 12 साइकिलें बरामद की हैं। इनमें SUNCROSS, STRYDER, AVON, TOSCANO, AEROJET, ORBITER, RALEIGH e-BIKE, HARDTAIL, HERCULIS और अन्य कंपनियों की साइकिलें शामिल हैं।

इस संबंध में थाना लंका पर मु0अ0सं0 0489/2026, धारा 317(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है, जिसमें थाना लंका और थाना फूलपुर में चोरी, बरामदगी तथा अन्य धाराओं में पूर्व के मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी, उपनिरीक्षक अनिल कुमार सहित थाना लंका पुलिस के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई से बीएचयू कैंपस में साइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।