संवाददाता : मनोज दुबे
मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के आशीर्वाद मैरिज हाल में 18 अप्रैल की रात एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता हाल ही में 11 मार्च को हुए चेस्ट के बड़े ऑपरेशन से उबर रही थी, लेकिन इस घटना के बाद उसे गहरा मानसिक आघात लगा और उसकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, किशोरी अपनी सहेली के भाई के तिलक समारोह में शामिल होने गई थी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मटेरू राजभर (निवासी कबीराबाद) और अरमान कुरैशी नामक युवक लगातार किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे। दोनों द्वारा गलत इशारे किए गए और मोबाइल नंबर मांगा गया। रात करीब 10 बजे, जब किशोरी के पिता उसे घर ले जाने पहुंचे, उसी दौरान आरोप है कि आरोपियों ने मौका पाकर उसका हाथ पकड़कर अश्लील हरकत की। घटना के समय पिता पास ही भोजन कर रहे थे।
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों की फोटो अपने मोबाइल में कैद कर ली और अपने पिता को पूरी जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने उसी रात ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 19 अप्रैल की शाम को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और केवल धारा 151 के तहत कार्रवाई की बात कही। बताया जा रहा है कि नाबालिग का तत्काल बयान नहीं लिया गया केवल सामान्य पूछताछ कर कार्रवाई सीमित रखी गई हालांकि बाद में गिरफ्तारी हुई, लेकिन इस देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। परिवार के अनुसार, घटना के सदमे के कारण किशोरी की शारीरिक स्थिति पर भी असर पड़ा है और ऑपरेशन के बाद की तकलीफ दोबारा बढ़ गई है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले से ही मनचले प्रवृत्ति के थे, इसके बावजूद उन पर पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या ऐसे मामलों में तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है। फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है, लेकिन पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।




