आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट
“एक लाख का जुर्माना और जेल तक की सजा, आजमगढ़ में गैराज मालिकों को कड़ी चेतावनी, ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती
आजमगढ़ शहर की सड़कों पर बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और उससे आमजन की बिगड़ती सेहत को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। इसी कड़ी में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव की अध्यक्षता में कार्यालय सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, आजमगढ़ में मोटर गैराज मालिकों, मैकेनिकों और वाहन डीलरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मौजूद गैराज संचालकों और मैकेनिकों को संबोधित करते हुए अतुल कुमार यादव ने बेहद स्पष्ट और सख्त लहजे में कहा कि प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर सिर्फ एक “स्टाइल” नहीं, बल्कि समाज के लिए एक खतरनाक समस्या बन चुके हैं। इनसे निकलने वाली तेज आवाजें न सिर्फ बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की मानसिक शांति भी छीन लेती हैं।
उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि
“कुछ सेकंड की दिखावे की आवाज किसी की जिंदगी भर की परेशानी बन सकती है। हमें यह समझना होगा कि सड़क सिर्फ हमारी नहीं, समाज की है।”अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोटरयान अधिनियम-1988 के तहत अगर कोई गैराज मालिक वाहन में प्रेशर हॉर्न या अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाते हुए पाया गया, तो उस पर ₹1,00,000 तक का भारी जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं वाहन स्वामी को ₹10,000 का जुर्माना और 3 माह तक की जेल भी हो सकती है।इतना ही नहीं, प्रशासन अब और भी सख्त कदम उठाने जा रहा है।ऐसे वाहनों का रजिस्ट्रेशन रद्द (निलंबित) किया जाएगा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किया जा सकता हैबैठक के दौरान यह संदेश साफ तौर पर दिया गया कि अब कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई तय है।
अंत में अतुल कुमार यादव ने सभी गैराज संचालकों, मैकेनिकों और वाहन डीलरों से अपील की कि वे कानून का सम्मान करें और ऐसे किसी भी अवैध मॉडिफिकेशन से दूर रहें। उन्होंने कहा कि
“सड़क पर शोर नहीं, सुरक्षा और शांति जरूरी है। नियमों का पालन ही समाज के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी है।”
अब देखना यह है कि इस सख्ती के बाद शहर की सड़कों पर शोर कम होता है या नहीं, लेकिन इतना तय है कि प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि अब नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं!




