रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
नदी की भीषण कटान और जलभराव से प्रभावित ग्रामीणों के बीच सोमवार को भाजपा नेता व चरैवेति फाउंडेशन के अध्यक्ष केपी तिवारी पहुंचे। उन्होंने बाढ़ शरणालय में रह रहे कटान पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और करीब 500 लोगों को खाद्य सामग्री की किट वितरित की। किट में लइया, बिस्कुट और नमकीन शामिल थे।
केपी तिवारी ने सबसे पहले नदी की कटान के कारण बेघर होकर बाढ़ राहत शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों से बातचीत कर उनकी परेशानियां जानीं और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। इसके बाद हेतमापुर, बेलहरी, बाबापुरवा और सुंदरनगर गांवों में पहुंचकर करीब 500 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की।
बाढ़ राहत शिविर में रह रहे ग्रामीणों ने बातचीत के दौरान अपनी पीड़ा साझा की। जलभराव और नदी की कटान के कारण घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर रहने को मजबूर ग्रामीणों ने विस्थापन, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य जरूरी आवश्यकताओं से जुड़ी समस्याएं बताईं। केपी तिवारी ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से पशुओं के टीकाकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए टीमें लगाई गई हैं। राहत एवं बचाव दल भी लगातार प्रभावित इलाकों में सक्रिय हैं। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और सुरक्षित विस्थापन को लेकर प्रशासनिक अमले से भी चर्चा की गई।
केपी तिवारी ने कहा कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना ही सच्ची जनसेवा है। बाढ़ से प्रभावित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उनकी जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस मौके पर सभासद आशुतोष शुक्ला, पूर्व प्रधान बुढ़गौरा प्रमोद पांडेय, कन्हैया अवस्थी, अनमोल तिवारी, रविकांत पांडेय मोनू बृजेश शुक्ला, दीपू बाजपेई,और पूर्व प्रधान राजकुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




