रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को अवैध रूप से संचालित झोलाछाप डॉक्टरों और मानक विहीन क्लीनिकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर के अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र के विभिन्न निजी क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान चार क्लीनिक बिना वैध पंजीकरण एवं निर्धारित मानकों के संचालित पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी चार क्लीनिकों को सील कर दिया। सील किए गए क्लीनिकों में रामनगर स्थित सुमन क्लीनिक, रामचंद्र क्लीनिक, अवध राम क्लीनिक तथा गणेशपुर स्थित योगेश कुमार का क्लीनिक शामिल हैं।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान चार पंजीकृत क्लीनिकों में भी आवश्यक मानकों एवं अभिलेखों में अनियमितताएं पाई गईं। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी करते हुए दो दिनों के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस प्राप्त करने वालों में लाइफ केयर हॉस्पिटल, ग्रीन हॉस्पिटल सहित अन्य अस्पताल शामिल हैं।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में अवैध क्लीनिकों एवं मानक विहीन अस्पतालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के संचालकों में हड़कंप मच गया।




