संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ । मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती रोडवेज बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। बस में सवार करीब 22 यात्रियों को चालक और परिचालक की सतर्कता से समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना बनियापार गांव के पास आजमगढ़–मुहम्मदाबाद गोहना मुख्य मार्ग पर शाम लगभग 7 बजे की है। अंबेडकर डिपो की यह बस मऊ से आजमगढ़ जा रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक, बस चलते समय अचानक इंजन से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक गयासुद्दीन ने तुरंत बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद परिचालक जोगेंद्र यादव की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। यात्रियों के उतरते ही कुछ ही देर में इंजन से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तत्काल 112 नंबर पर घटना की सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पानी व अन्य उपलब्ध साधनों की सहायता से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बस पूरी तरह जलने से बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही अंबेडकर डिपो प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों को दूसरी बस से आजमगढ़ के लिए रवाना किया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।




