आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में बिना अनुमति आयोजित हुई जिम्नास्टिक प्रतियोगिता को लेकर खेल जगत में खड़ा हो गया है बड़ा विवाद, जिला जिम्नास्टिक संघ ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को लिखा पत्र

SPORTS

संवाददाता : रामेश्वर सोनी
आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में बिना अनुमति आयोजित हुई जिम्नास्टिक प्रतियोगिता को लेकर खेल जगत में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जिला जिम्नास्टिक संघ ने इसे अवैध करार देते हुए क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को पत्र लिखा है और भविष्य में बिना एनओसी के स्टेडियम न देने की मांग की है। बता दे आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 15 नवंबर को जिम्नास्टिक वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस आयोजन को लेकर जिला जिम्नास्टिक संघ, आगरा ने कड़ा विरोध जताया है। संघ के सचिव एडवोकेट हरीश बत्रा ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को आधिकारिक पत्र भेजकर स्पष्ट किया है कि जिम्नास्टिक वेलफेयर एसोसिएशन जिसके अध्यक्ष राजीव सोही और सचिव रामप्रवेश दुबे हैं, जो एक अनधिकृत संस्था है। नियमानुसार जनपद में किसी भी प्रतियोगिता से पहले जिला जिम्नास्टिक संघ की अनुमति और अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) लेना अनिवार्य है, लेकिन नियमों की अनदेखी कर यह आयोजन कराया गया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसा हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि समय रहते इस तरह के अनधिकृत आयोजनों पर रोक नहीं लगाई गई और प्रशासनिक स्तर पर सख्ती नहीं बरती गई, तो यह विवाद और अधिक विस्फोटक रूप ले सकता है। इसका सीधा और बुरा प्रभाव उभरते हुए खिलाड़ियों के भविष्य पर पड़ेगा,मान्यता प्राप्त संघों और स्थानीय खेल निकायों के बीच की यह तनातनी खेल गतिविधियों की पारदर्शिता को भी गहरे संकट में डाल सकती है।