संवाददाता : धीरज पाण्डेय
बस्ती । उत्तर प्रदेश शासन के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सचिव एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद में चल रहे विकास कार्यों एवं 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने सर्वप्रथम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे। समीक्षा के दौरान सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छता, राजस्व एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। डॉ. रोशन जैकब ने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जन शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को भी कहा। बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को सुरक्षा संबंधी सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली आमजन केंद्रित होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करें। बैठक के उपरांत डॉ. रोशन जैकब ने अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम पहुंचकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर कृत्तिका ज्योत्स्ना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




