उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बाद डॉ. अखिलेश कुमार वर्मा ने संभाला कार्यभार

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

 

रामनगर पीजी कॉलेज में कार्यरत हिंदी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभाग प्रभारी डॉ. अखिलेश कुमार वर्मा को उनके निलंबन प्रकरण में माननीय उच्च न्यायालय लखनऊ खंडपीठ से स्थगन आदेश प्राप्त होने के बाद महाविद्यालय में पुनः कार्यभार ग्रहण करने का अवसर मिला है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश मिलने के उपरांत महाविद्यालय की प्रबंध समिति ने 19 जून को प्राचार्य के माध्यम से डॉ. वर्मा को कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए। निर्देश प्राप्त होने के बाद डॉ. अखिलेश कुमार वर्मा ने उसी दिन अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया।

 

बताया गया कि संबंधित प्रकरण की सुनवाई माननीय न्यायालय में अभी विचाराधीन है और मामले की आगामी सुनवाई न्यायालय के समक्ष जारी रहेगी।

 

डॉ. वर्मा के कार्यभार ग्रहण करने पर महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया तथा उनके पुनः महाविद्यालय में लौटने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

 

महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि डॉ. वर्मा के अनुभव और मार्गदर्शन से हिंदी विभाग सहित शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिलेगी।