उत्तराखंड: संवाददाता ईश्वर सिंह की खास रिपोर्ट….
खटीमा। सार्वजनिक स्थानों पर शराब और नशे का सेवन कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के# खिलाफ खटीमा पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली खटीमा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और शांति भंग करने वाले 19 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के आदेश पर, पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. उत्तम सिंह नेगी और क्षेत्राधिकारी खटीमा नीरज सेमवाल के निर्देश तथा प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी के निर्देशन में की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन और शांति कायम करना है।




