उत्तर प्रदेश ब्यूरो हेड भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह की खास रिपोर्ट
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का सेवा-संकल्प कार्यक्रम, शिव मंदिर में सफाई व दीप प्रज्वलन
सगड़ी (आजमगढ़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आजमगढ़ जनपद के अजमतगढ़ मंडल में भी सेवा, स्वच्छता एवं जनजागरण से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला लगातार जारी है।
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंडल क्षेत्र में भक्ति गीत कार्यक्रम, सघन पौधरोपण एवं विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को गोगाभीखी साव स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर की साफ-सफाई, धुलाई तथा दीप प्रज्वलन का आयोजन मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी पहचान राष्ट्रभक्ति और जनसेवा से है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों के लिए तत्पर रहेंगे और पार्टी के लिए देश सर्वोपरि है।
वहीं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि गुरुवार को ब्लॉक परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशहित और जनकल्याण के कार्यों में जुटे हुए हैं। उनका लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के इस संकल्प को पूरा करने के लिए एक सिपाही की तरह कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर विवेक सिंह मुन्ना, सच्चिदानंद सिंह, विशाल ओझा, अशोक राम, राजा मौर्य, अजय साहनी (नगर पंचायत अध्यक्ष अजमतगढ़), फागु सोनकर, केशव सिंह, संतोष रंगवा, धर्मेंद्र सोनकर, पारितोष जायसवाल, सुनीता, आरती सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




