
बाराबंकी: मसौली थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक कच्ची दीवार गिरने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना बांसा शरीफ दरगाह के पास हुई। घायल महिलाएं सीतापुर जिले से दरगाह शरीफ में दुआ मांगे आई थीं।स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के समय दोनों महिलाएं दरगाह के पास सड़क किनारे बनी दीवार के पास सो रही थीं। तेज बारिश और हवाओं के कारण दीवार अचानक गिर गई, जिससे वे उसके नीचे दब गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को मलबे से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल महिलाओं की पहचान कल्पना (39) पत्नी रामस्वरूप और राम जानकी (45) पत्नी संभारी के रूप में हुई है। वे सीतापुर जिले के लहसड़ा, थाना विस्वा की निवासी हैं। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने राहत कार्य सुनिश्चित किया है और दोनों महिलाओं की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।




