तीन चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान और अवैध तमंचा बरामद किया गया

स्थानीय समाचार

सोनू मौर्य/ टिकैतनगर बाराबंकी: टिकैतनगर कोतवाली पुलिस ने चोरी के आरोप में शुक्रवार को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की मोटर, जग, एक देशी तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। यह मामला 30 जुलाई का है, जब बहराइच के ग्राम गोलीपुरवा निवासी देशराज ने टिकैतनगर कोतवाली में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। देशराज रानीमऊ तराई स्थित एक इंटर लॉकिंग ईंट फैक्ट्री में काम करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया था कि फैक्ट्री से 7000 रुपए नकद, दो बिजली मोटर और दो जग चोरी हो गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उनके साथी मजदूरों विजय कुमार और निर्मल पर संदेह व्यक्त किया गया था।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने रानीमऊ तराई में गैस एजेंसी मोड़ से लगभग 50 कदम पहले और करमनगर चौराहे पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान विजय कुमार (पुत्र शिवनाथ, 28 वर्ष, निवासी सेमरी/रानीमऊ तराई), निर्मल (पुत्र रामदीन, 26 वर्ष, निवासी रानीमऊ) और महमूद (पुत्र करमरसूल, 40 वर्ष, निवासी करमनगर चौराहा, कबाड़ी) के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त विजय कुमार के पास से एक देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अतिरिक्त, चोरी की एक मोटर और एक जग भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, कबाड़ी महमूद ने चोरी का यह सामान खरीदा था।अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 202/26 धारा 303(2)/317(2) BNS (चोरी) और मु0अ0सं0 203/26 धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चोरी हुए शेष 7000 रुपए नकद, एक मोटर और एक जग की बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।