संवाददाता : मोनू भारती
पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर के निर्देशन अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के मार्गदर्शन में विशेष टीमों का गठन कर लगातार सुरागरसी पतारसी, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया, दिनांक 22.05.2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा घास बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला एवं पुरुष को पकड़ा गया। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम गुलाब कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र स्व0 कैलाश उम्र करीब 45 वर्ष तथा महिला ने अपना नाम निर्जला पत्नी गुलाब कुमार उर्फ गुड्डू उम्र करीब 42 वर्ष निवासीगण ग्राम धमौली थाना देवरिया जनपद देवरिया बताया। मौके पर उपस्थित वादी मुकदमा रमेश चन्द्र वर्मा द्वारा दोनों अभियुक्तों की पहचान करते हुए बताया गया कि दिनांक 18.05.2026 को उनकी दुकान आर्य ज्वैलर्स पर चोरी की घटना इन्हीं दोनों द्वारा कारित की गयी थी, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करायी गयी थी उक्त के संबंध में थाना कोतवाली नगर में मु0अ0स0 146/2026 धारा 303(2) BNS पंजीकृत किया गया था। अभियुक्तगण द्वारा भी स्वीकार किया गया कि दिनांक 18.05.2026 को आर्य ज्वैलर्स घास बाजार से 41 अदद सोने की कील इसी तरीके से चोरी की गयी थी। पूछताछ में महिला अभियुक्ता द्वारा बताया गया कि चोरी की गयी शेष सोने की कील उसने अपने घर जनपद देवरिया में छिपाकर रखी है। अभियुक्ता की निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा जनपद देवरिया पहुंचकर अभियुक्ता के घर से एक डिब्बे में रखी कुल 41 अदद पीली धातु की कील बरामद की गयी, जिसे वादी मुकदमा द्वारा अपना चोरी गया माल पहचान लिया गया। बरामद माल को विधिक कार्यवाही करते हुए कब्जा पुलिस में लिया गया। पूछताछ में अभियुक्तगण गुलाब कुमार उर्फ गुड्डू एवं निर्जला द्वारा बताया गया कि वे दोनों पति-पत्नी मिलकर विभिन्न जनपदों में ज्वैलर्स की दुकानों को निशाना बनाते हैं। अभियुक्त गुलाब कुमार उर्फ गुड्डू दुकानदार को बातचीत में उलझाकर गहने निकलवाता था, जबकि उसकी पत्नी निर्जला देखने के बहाने दुकानदार द्वारा ट्रे अथवा तस्तरी में रखे गये असली सोने के नथ/कील को चोरी से हटाकर उसी स्थान पर पहले से साथ लाये गये रोल्ड गोल्ड के नकली आभूषण रख देती थी। इसके बाद दोनों बाजार में अन्य कार्य होने का बहाना बनाकर दुकान से निकल जाते थे और पुनः वापस नहीं आते थे। पूछताछ में अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि दिनांक 18.05.2026 को घास बाजार स्थित आर्य ज्वैलर्स की दुकान पर भी उन्होंने इसी तरीके से सोने की कील चोरी की थी। महिला अभियुक्ता निर्मला उर्फ निर्जला द्वारा चोरी की गयी सोने की कीलों को अपने घर देवरिया में छिपाकर रखा गया था, जिसकी निशानदेही पर कुल 41 अदद पीली धातु की कील बरामद की गयी। अभियुक्तगण द्वारा यह भी बताया गया कि वे लोग पूर्व में जनपद बलिया एवं कस्बा सिकन्दरपुर क्षेत्र में भी इसी प्रकार की घटनाएं कर चुके हैं। अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि घरेलू खर्च एवं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिये वे लोग इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देते थे तथा ज्वैलर्स की दुकानों पर ग्राहक बनकर सुनियोजित तरीके से असली आभूषण बदलकर चोरी करते थे।
अभियुक्तगण के विरुद्ध थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0 146/2026 धारा 303(2), 317(2) BNS में थाना कोतवाली नगर अभियोग पंजीकृत किया गया है ।
बरामदगी का विवरण –
1. 28 अदद नाक की नथ/कील रोल्ड गोल्ड पीला कलर
2. 41 अदद नाक की कील पीली धातु (असली सोना), अनुमानित कुल वजन लगभग 12 से 13 ग्राम
3. एक अदद मोबाइल फोन
4. 1100/- रुपये नगद
5. बरामद असली सोने की 41 अदद कीलों की वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार अनुमानित कीमत लगभग ₹1,10,000/- से ₹1,30,000/- के मध्य है।
गिरफ्तारी का दिनांक समय व स्थान –
दिनांक – 22.05.2026
समय – 16.30 बजे
स्थान – शशांक ज्वैलर्स की दुकान के सामने, घास बाजार, थाना कोतवाली नगर जनपद मऊ
गिरफ्तार अभियुक्तगण का नाम पता विवरण –
1. गुलाब कुमार उर्फ गुड्डू पुत्र स्व0 कैलाश निवासी ग्राम धमौली थाना देवरिया जनपद देवरिया, उम्र करीब 45 वर्ष।
2. निर्जला पत्नी गुलाब कुमार उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम धमौली थाना देवरिया जनपद देवरिया, उम्र करीब 42 वर्ष।




