17 सितंबर से उत्तराखंड में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ सीएम धामी बोले—जनभागीदारी से साकार होगा विकसित भारत 2047 का संकल्प

Breaking

उत्तराखंड: संवाददाता ईश्वर सिंह के साथ महेंद्र सिंह बिष्ट

 

 

देहरादून से बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से उत्तराखंड में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में प्रेस वार्ता कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखा जाएगा।मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से भाग लेंगे।‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजना केंद्रों, गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तट समेत विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे।वहीं ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के तहत स्कूलों में चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के जरिए विद्यालयों में देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का मंचन होगा।‘सेवा की कहानियों’ के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलावों को सामने लाया जाएगा। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के साथ साइकिल और बाइक यात्रा भी प्रस्तावित है।मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा : मेरा योगदान’ के तहत लोगों को वृक्षारोपण, स्वच्छता, शिक्षण और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। ‘सेवा सेतु’ के तहत शिविर लगाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर रहेगा।इसके अलावा ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ में IIT, IIM और विशेषज्ञों की मदद से जनसमस्याओं के समाधान के लिए नए नवाचारों को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि हर नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। इस संकल्प को जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान को हर जिले में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रभारी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी मौजूद रहे।