रात की बिजली कटौती से बेहाल जनता के बीच पहुंचे सत्येंद्र राय, बोले “गर्मी में जनता को राहत दिलाना हमारी प्राथमिकता”

Social

आजमगढ़ मंडल ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय की खास रिपोर्ट

 

“जहां अंधेरी रातों में उम्मीद की लौ जलती है,

वहीं जनता के दर्द पर कोई सच्ची सियासत पलती है…”

 

रात की बिजली कटौती से बेहाल जनता के बीच पहुंचे सत्येंद्र राय, बोले “गर्मी में जनता को राहत दिलाना हमारी प्राथमिकता”

 

आजमगढ़ जनपद में भीषण गर्मी, उमस भरी रातें और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान जनता की बेचैनी जब बढ़ने लगी, तब गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी सत्येंद्र राय खुद मैदान में उतर पड़े। रविवार को उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि “जनता रातभर जागने को मजबूर है, ऐसे में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाना बेहद जरूरी है।”

रविवार का पूरा दिन सत्येंद्र राय ने जनता की समस्याओं को समझने और समाधान तलाशने में बिताया। उन्होंने गोपालपुर विधानसभा अंतर्गत पटवध कौतुक, बिलरियागंज टाउन एवं रूरल, रौनापार, सरदहां, महराजगंज, मऊ कुतुबपुर और अंडाखोर विद्युत उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेंद्रों की तकनीकी व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की स्थिति तथा विद्युत आपूर्ति की वास्तविक स्थिति को करीब से देखा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उन्हें बताया कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग अचानक काफी बढ़ गई है। दिन की तुलना में रात में लोड लगभग दोगुना हो जा रहा है, जिससे ट्रांसफार्मर अत्यधिक गर्म होकर ट्रिप कर रहे हैं। कई स्थानों पर विद्युत तार जलने जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकांश कटौती स्थानीय स्तर से नहीं बल्कि मुख्यालय द्वारा रोस्टिंग और कोडिंग व्यवस्था के तहत की जा रही है।

अधिकारियों की बातें सुनने के बाद सत्येंद्र राय ने कहा कि तकनीकी समस्याएं अपनी जगह हैं, लेकिन आम जनता की परेशानी सबसे बड़ी चिंता है। उन्होंने कहा कि “छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग रातभर बिजली न रहने से सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। ऐसे समय में विभाग को संवेदनशील होकर काम करना चाहिए।”

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर संभव प्रयास कर क्षेत्र में अधिक से अधिक समय तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।

इस दौरान उपकेंद्रों पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुटे रहे। लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं सत्येंद्र राय के सामने रखीं। किसी ने लो-वोल्टेज की शिकायत की, तो किसी ने रातभर होने वाली कटौती का दर्द सुनाया। ग्रामीणों ने कहा कि जब कोई नेता जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्या सुनता है, तो लोगों को उम्मीद बंधती है कि उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक जरूर पहुंचेगी।

सत्येंद्र राय ने भरोसा दिलाया कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार को वह मुख्य अभियंता से मुलाकात कर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर विस्तृत वार्ता करेंगे और जनता को बेहतर विद्युत आपूर्ति दिलाने की मांग रखेंगे।

उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में बिजली व्यवस्था में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन इस बार भीषण गर्मी ने बिजली विभाग के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। बढ़ते लोड के कारण मशीनें स्वतः ट्रिप कर रही हैं, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद विभाग और जनप्रतिनिधियों को मिलकर समाधान निकालना होगा।

“नेता वही जो भीड़ में नहीं,

मुश्किल घड़ी में जनता के साथ खड़ा दिखाई दे…

और तपती रातों में भी

लोगों की राहत के लिए दौड़ता दिखाई दे।”