इंटरमीडिएट परीक्षा में संस्कृति सिंह ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, 92.6 प्रतिशत अंक हासिल

Education

संवाददाता : मोनू भारती
मुहम्मदाबाद गोहना मऊ। मेहनत, लगन और अनुशासित अध्ययन के दम पर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के सद्धोपुर गांव की बेटी संस्कृति सिंह ने इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संस्कृति सिंह ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। संस्कृति सिंह, आजमगढ़ जनपद के जाफरपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। वह अमर उजाला के पत्रकार कंचन सिंह एवं रानी सिंह की पुत्री हैं। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों, शुभचिंतकों और परिचितों ने संस्कृति सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। संस्कृति सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं विद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय का सही उपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
संस्कृति सिंह की मां रानी सिंह ने बताया कि बेटी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रही है। वहीं पिता कंचन सिंह ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण मिले तो वे निश्चित रूप से सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संस्कृति सिंह की इस उपलब्धि से सद्धोपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं और संस्कृति सिंह की उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।