रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)
तहसील क्षेत्र के ग्राम अमोली कीरतपुर निवासी 22 वर्षीय अभिनव मिश्रा उर्फ जीतू गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों के अनुसार अभिनव घर से निकला था लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद परिवार ने रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
बताया गया कि अभिनव मिश्रा बीसीए की पढ़ाई पूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता मनोज कुमार मिश्रा यूनियन इंटर कॉलेज रामनगर में हिंदी विषय के शिक्षक हैं। बेटे के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है।
गुमशुदा युवक का रंग गोरा, शरीर गठीला तथा कद लगभग 5 फीट 7 इंच बताया गया है। लापता होने के समय उसने सफेद शर्ट, नीली जीन्स, पीला गमछा और हवाई चप्पल पहन रखी थी। उसे आखिरी बार अमोली कीरतपुर गांव के आसपास देखा गया था।
थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम युवक की तलाश में जुटी है तथा आसपास के क्षेत्रों में भी सूचना प्रसारित की गई है।




