संवाद दाता:-सलीम जावेद
वाराणसी। आज दिनांक 26/07/2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल द्वारा राजपत्रित अधिकारियों के साथ कैम्प कार्यालय में समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं विवेचनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जघन्य अपराध, गैंगस्टर एक्ट, गोवध, एनडीपीएस अधिनियम, ई-समन, ई-नोटिस, ई-वारंट, ई-साक्ष्य, यूनिक SID क्रिएशन तथा एसआर (SR) मामलों की लंबित प्रगति का परीक्षण करते हुए सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लंबित गैर-जमानती वारंट (NBW) के प्रभावी निष्पादन हेतु तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अभियान की दैनिक समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रत्येक शिकायत पर तत्काल एफआईआर, निष्पक्ष विवेचना एवं त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही निर्देशित किया गया कि कोई भी विवेचना 30 दिन से अधिक लंबित न रहे तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। एनडीपीएस से जुड़े मामलों में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखने, डिजिटल साक्ष्यों के समयबद्ध अपलोड, न्यायिक प्रक्रियाओं में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, प्रभावी गश्त, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, समुचित यातायात प्रबंधन एवं निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) श्री शिवहरी मीणा सहित समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे तथा कमिश्नरेट वाराणसी के समस्त थाना प्रभारीगण गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन जुड़कर बैठक में प्रतिभागी बने।




