
बाराबंकी: जनपद के टिकैतनगर में जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई कस्बा इचौली की एक महिला की शिकायत पर की गई है। महिला ने आरोप लगाया था कि अमन पुत्र सुबराती और मकसूद आलम पुत्र आशिक रसूल उस पर धर्म बदलने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित महिला के अनुसार, मना करने पर उसे धमकी भी दी गई थी। पुलिस ने काजियाना मोहल्ला, कस्बा इचौली से अमन और मकसूद आलम को गिरफ्तार किया है। इन पर महिला को बहला-फुसलाकर और धमकी देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने का आरोप है।

प्रभारी निरीक्षक टिकैतनगर मनोज कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।




