सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन

स्थानीय समाचार

रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर बाराबंकी)

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुशासन एवं जनसेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को विकासखंड रामनगर सभागार में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख रामनगर संजय तिवारी उपस्थित रहे। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विभागीय स्टॉल लगाए गए।

 

आयोजित स्वास्थ्य मेले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव के नेतृत्व में ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की। इस दौरान रक्त जांच, रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर की जांच के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

 

शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को निःशुल्क बीज वितरित किए गए। वहीं विभिन्न विभागों की योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।

 

मुख्य अतिथि अंगद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 12 वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है तथा सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी ने कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

 

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद तिवारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकतम लाभ उठाने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

 

खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार ने विभिन्न योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए विभागीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (कृषि) दलबीर सिंह ने किया।

 

इस अवसर पर एडीओ अभय शुक्ला, पंचायत सचिव रवि मिश्रा, निखिल कनौजिया, विजय कुमार, विनीत रॉय, प्रधान संघ अध्यक्ष राम कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, समूह सखियां, क्षेत्रीय कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।