रिपोर्ट- नीरज शुक्ला (रामनगर, बाराबंकी)
रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल-सुंधियामऊ रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। रेलवे कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बुढ़वल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक सूचना वाले स्थान पर शव नहीं मिला, जिसके बाद आसपास खोजबीन की गई। इस दौरान किलोमीटर संख्या 5/02-5/06 के बीच डाउन लाइन के किनारे झाड़ियों में क्षत-विक्षत अवस्था में शव बरामद हुआ। शव का एक पैर कटा हुआ, दूसरा पैर टूटा हुआ तथा सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त था। ट्रैक पर खून के निशान और शरीर के अवशेष भी मिले।
घटना की सूचना पर जीआरपी और बाद में रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक की पहचान थाना रामनगर क्षेत्र के ग्राम खेतौरा निवासी मैनेजर सिंह (55) पुत्र स्वर्गीय भगवान बख्श सिंह के रूप में हुई। मृतक के पुत्र ने पुलिस को बताया कि उनके पिता रात में भोजन करने के बाद घर पर सोए थे और उन्हें कहीं रेल यात्रा पर नहीं जाना था। पुलिस की तलाशी में मृतक के पास से कोई रेल टिकट या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ। आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरपीएफ के अनुसार घटना से रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




